#हादसा
August 4, 2025
हिमाचल : एंबुलेंस को पति ने किया ओवरटेक, बाइक पर पीछे बैठी पत्नी गिरी- थम गई सांसें
तेज रफ्तार में थी बाइक- नहीं मिला महिला को संभलने का मौका
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई है। हादसे के वक्त महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रही थी।
महिला की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में माहौल गमगीन बना हुआ है। पत्नी की मौत के बाद पति गहरे सदमे में है। यह दर्दनाक हादसा एक एंबुलेंस को ओवरटेक करते पेश आया है।
यह हादसा बीते कल दोपहर को पेश आया है। मामले की शिकायत ननखड़ी के रहने वाले भूपेंद्र ने झाकड़ी पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। भूपेंद्र ने बताया कि वो एंबुलेंस चालक है। भूपेंद्र ने बताया कि वो बधाल गया था- जहां से लौटते वक्त कोचडी के पास करीब 3 बजकर 50 मिनट पर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे ओवरटेक किया।
बाइक नंबर HP06B-4766 पर एक पुरुष और महिला सवार थे। जैसे ही वो मंगलाड़ खड्ड के पास पहुंचे तो तेज रफ्तारी के कारण बाइक पर बैठी महिला चालक के पीछे से गिर गई। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। भूपेंद्र ने महिला के पति के मदद से उसे आनन-फानन में खनेरी अस्पताल पहुंचाया- जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान सुशीला कुमारी (42) पत्नी दिलीप के रूप में हुई है- जो कि गांव गसो, झाकड़ी की रहने वाली थी। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की पुष्टि करते हुए DSP रामपुर नरेश शर्मा ने की है।