#हादसा
April 14, 2025
हिमाचल: खाई में गिरा टेंपो, 9 लोग थे सवार; नहीं बच पाई 12 वर्षीय लड़की
अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे सभी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक टैंपो (छोटा हाथी) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गया। इस हादसे में एक 12 साल की लड़की की मौत हो गई, वहीं 8 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के समय घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। जिसे सुन कर स्थानीय लोग मदद को दौड़ पड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार आज सोमवार दोपहर बाद ऊना जिला के मवा सिंधिया गांव में एक टेंपो का अचानक टायर फटने से टेंपो अनियंत्रित हो गया। चालक ने टेंपो पर से नियंत्रण खो दिया और टेंपो सड़क से नीचे लुढ़क गया। हादसे के समय टेंपो में नौ लोग सवार थे। जिसमें एक लड़की की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि टेंपो में सवार सभी लोग हरोली उपमंडल के गुरपलाह बाथू गांव के रहने वाले हैं। यह लोग गगरेट के भंजाल गांव में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गए थे। वहीं से लौटते समय जब यह लोग मवा सिंधिया पहुंचे तो अचानक से टेंपो का टायर फट गया। जिससे अनियंत्रित टेंपो सड़क से लुढ़क गया। इस हादसे में टेंपो चालक सुच्चा सिंह की 12 वर्षीय बेटी दीक्षा की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'नकली पुलिस' को असली ने पकड़ा, खाकी वर्दी पहन ट्रक चालकों को बनाता था निशाना
हादसे के बाद घायलों की चीख पुकार सुन कर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को टेंपो से बाहर निकाला। वहीं पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। लोगों ने घायलों को सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया। यहां तीन गंभीर घायलांे को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। गंभीर घायलों की पहचान अनीता, संजीव और शशी बाला के रूप में हुई है। जबकि अन्य घायलों की पहचान बीना देवी, गुरनाम, राकेश कुमार, ऊषा देवी और सरोज देवी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 10 साल रहा सलाखों के पीछे, जेल से बाहर आते ही लूटपाट की शुरू- फिर हुआ अरेस्ट
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एसएचओ सन्नी गुलेरिया ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है। सभी लोग हरोली उपमंडल के गुरपलाह बाथू गांव से एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।