#हादसा
April 4, 2026
हिमाचल : अंधेरे में ड्राइवर का कार से बिगड़ा संतुलन, रात भर खाई में तड़पते रहे 3 लोग- 2 ने तोड़ा दम
पुलिस और परिजनों को सुबह मिली खबर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां नौहराधार तहसील के तहत चड़ाना के पास एक कार खाई में गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे में गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
आपको बता दें कि ये हादसा बीते कल देर रात को पेश आया। मगर पुलिस टीम को हादसे के बारे में आज सुबह सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाई में से दोनों शवों को बाहर निकाला।
संगड़ाह पुलिस टीम ने बताया कि हादसा कल रात करीब 3 बजे चड़ाना के पास पेश आया। हादसे में स्विफ्ट कार नंबर HP88A-6058 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुलशन निवासी झारखंड और नरेश कुमार निवासी शिमला के रूप में हुई है।
घायल की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है- जो कि कांगड़ा जिले के चितरला का रहने वाला है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ भेज दिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल, हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। घायल की हालत स्थिर होने के बाद उसके बयान कलमबद्ध किए जाएंगे।