#हादसा
May 22, 2025
हिमाचल : सुबह-सवेरे स्कूली बच्चों पर झपटे लावारिस कुत्ते, शिक्षक समेत 11 पहुंचे अस्पताल- सहमे लोग
IGMC में 6 और DDU में पांच लोग उपचार के लिए पहुंचे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लावारिस कुत्तों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है- यहां पर एक ही दिन में लावारिस कुत्तों ने 11 लोगों को काट लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
इस हमले में कुत्तों ने दो लोगों को बुरी तरह लहूलहुान कर दिया है। जबकि, 9 अन्य लोगों को भी गंभीर घाव आए हैं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
बताया जा रहा है कि यह घटना बीते कल पेश आई है। कल शाम तक IGMC में 6 और DDU में पांच लोग उपचार के लिए पहुंचे। इन सभी घायलों में से दो लोगों को कुत्तों ने बुरी तरह काटा है। लावारिस कुत्तों के झुंड ने अचानक इन लोगों पर हमला कर दिया- जिसके चलते उनको वहां से भागने का मौका भी नहीं मिला।
इस घटना में ताराहॉल स्कूल का एक शिक्षक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजकर 25 मिनट पर ताराहॉल स्कूल के शिक्षक सुरेश लखनपाल अपनी बेटी को लेकर स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार्टरोड पर सब्जी मंडी सड़क के पास तीन-चार अवारा कुत्तों ने उनकी बेटी पर हमला कर दिया।
गनीमत रही कि बेटी को कोई चोट नहीं आई। मगर कुत्तों ने शिक्षक की बाईं टांग पर काट लिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने डंडों और पत्थरों की मदद से कुत्तों को मौके से भगाया। इसके बाद उन्होंने आनन-फानन में घायल शिक्षक को DDU अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि कुत्तों के दांत लखनपाल की टांग की हड्डी तक पहुंच गए थे। फिलहाल, डॉक्टरों द्वारा शिक्षक को प्राथमिक उपचार दिया गया है ताकि दर्द से कुछ राहत मिल सके।
इसके अलावा अन्य मामले शहर के पंथाघाटी, टुटू और मैहली से सामने आए हैं। कुत्तों ने BSC में विधानसभा में तैनात कर्मचारी उमेश शर्मा पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में उमेश की टांगों पर भी काटने के गहरे घाव पड़े हुए हैं। इलोगों का कहना है कि दो दिन पहले भी इन आवारा कुत्तों ने दो बच्चों को काटा था। लोगों कुत्तों के इन हमलों से तंग आ चुके हैं। लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द इन कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।
घायल सुरेश लखनपाल का कहना है कि शहर में ये आवारा कुत्ते आए दिन लोगों को जख्मी कर रहे हैं। वो जल्द इसे लेकर कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि ये जो डॉग लवर या मेनका गांधी जैसे लोग हैं- या तो घायलों को मुआवजा दें या फिर इन आवारा कुत्तों को शेल्टर देना बंद कर दें।
उन्होंने कहा कि इन कुत्तों को अगर पकड़ने के लिए टीमें आती हैं तो कुछ लोग पशु प्रेमी बन जाते हैं। जबकि, बाकी जानवरों को मारने पर चुप्पी साध कर रखते हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत निगम पार्षदों को भी दी। उन्होंने कहा क निगम जनता से टैक्स तो ले रहा है। मगर जनता के लिए काम कुछ नहीं कर रहा। आखिर ये सिलसिला कब तक चलेगा और कब तक ये कुत्ते लोगों को लहूलहुान करते रहेंगे।