#हादसा
August 4, 2026
हिमाचल लोक निर्माण विभाग के JE की मौ**त, PGI में दो महीने तक लड़ी जिंदगी की जंग
कई प्रयासों के बावजूद भी नहीं बच पाई तारा सिंह की जा.न
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर तारा सिंह का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के करीब दो माह बाद निधन हो गया। लंबे समय तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद मंगलवार को उन्होंने PGI चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले तारा सिंह एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका लगातार इलाज चलता रहा।
परिवार और शुभचिंतकों को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी। मगर तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। तारा सिंह वर्तमान में लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में ननखड़ी क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
इससे पहले उन्होंने चौपाल और नेरवा में भी लंबे समय तक विभाग में कार्य किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन किया। तारा सिंहकी मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच तारा सिंह अपनी सरलता, मिलनसार स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। स्थानीय लोगों के साथ उनका व्यवहार भी बेहद सौहार्दपूर्ण था, जिसके चलते उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी। यही वजह है कि उनके निधन की खबर से विभाग के साथ-साथ उन्हें जानने वाले लोगों में भी गहरा दुख है।
उनके निधन के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की है।