#हादसा
April 4, 2026
हिमाचल : देर रात धंस गई सड़क, गहरी खाई में समाई पिकअप- अंदर बैठे थे दो भाई
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़-छिन गया सहारा
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। भरमौर क्षेत्र में थल्ला रोड पर एक पिकअप गाड़ी हादसे का शिकार हो गई है। हादसे के वक्त पिकअप में दो लोग चचेरे भाई सवार थे।
हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, हादसे में गाड़ी के भी परख्च्चे उड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा बीते कल देर रात को पेश आया है। पिकअप वाहन में दोनों भाई भरमौर से पंसेई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुंकू टपरी के पास अचानक सड़क का डंगा धंस गया।

डंगा धंसते ही गाड़ी 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिकअप सवार दोनों भाइयों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों द्वारा घायल को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है।

मृतक की पहचान मदन लाल के रूप में हुई है। मदन लाल की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मदन लाल के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं- जो कि पांचवीं और केजी क्लास में पढ़ते हैं। मदन की मौत के बाद उसकी पत्नी गहरे सदमे में है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। पुलिस टीम द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।