#हादसा
July 27, 2026
देर रात मिंजर मेले से लौट रहे थे दो यार, गहरी खड्ड में समाई बाइक- एक का नहीं मिला सुराग
काली माता मंदिर के पास खाई में गिरी बाइक
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की रौनक के बीच एक चिंताजनक खबर सामने आई है। मेले से लौट रहे दो युवकों की बाइक रविवार देर रात बालू-साहो मार्ग पर अनियंत्रित होकर साल खड्ड में जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाइक चला रहा युवक देर रात से लापता है। पुलिस और स्थानीय टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा पक्काटाला स्थित काली माता मंदिर के समीप रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता तरुण कुमार निवासी बघेईगढ़ ने पुलिस को बताया कि स्थानीय लोगों ने शुभम पुत्र अनिल कुमार निवासी सरू को साल खड्ड से सुरक्षित बाहर निकाला। शुभम ने बताया कि वह अपने दोस्त सक्षम के साथ मोटरसाइकिल पर साहो से बालू की ओर जा रहा था।
इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में जा गिरी। हादसे में शुभम को तो सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन बाइक चला रहा सक्षम और मोटरसाइकिल दोनों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साल खड्ड में युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है और सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।