शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई वीर जवान देश की सरहदों पर तैनात हैं। ऐसे ही देश के विभिन्न राज्यों के वीर सपूत भी हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बहुत बार ऐसा होता है कि ड्यूटी के दौरान ये वीर जवान किसी हादसे का शिकार हो जाते हैं और शहीद हो जाते हैं।
हिमाचल में वीर जवान हुआ शहीद
ऐसा ही कुछ भारतीय सेना के 26 वर्षीय वीर जवान संजीव कुमार भंडारी के साथ हुआ है- जो कि हिमाचल प्रदेश के समदू पहाड़ में तैनात थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां आंगनबाड़ी केंद्रों में निकली भर्ती, एक क्लिक में जानें पूरी डिटेल
गहरी खाई में गिर गए थे संजीव
बताया जा रहा है कि संजीव समदू पहाड़ के सीमावर्ती इलाके में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान पहाड़ी से संजीव का पैर फिसल गया और वो गहरी खाई में गिर गए। संजीव को सेना के अन्य जवानों ने तुरंत रेस्क्यू किया, लेकिन संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सेना के जवानों द्वारा संजीव को उपचार के लिए चंडीगढ़ के एक अस्पताल ले जाया गया-जहां उपचार के दौरान संजीव ने दम तोड़ दिया।
पिता का रो-रो कर बुरा हाल
संजीव कुमार भंडारी बिहार के सुपौल जिले के गम्हरिया गांव के रहने वाले थे। रविवार को संजीव की शहादत की खबर सुनने के बाद से पूरे परिवार और गांव में मातम पसर गया है। संजीव के पिता विजय भंडारी होमगार्ड में जवान हैं। जवान बेटे की शहादत की खबर सुनने के बाद से संजीव के पिता पूरी तरह टूट चुके हैं। उनका रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मंदिर के पास आया था चरस का सौदा करने, झाड़ियों में फेंक होने लगा फरार
मासूम ने खो दिया पिता
संजीव अपने पीछे पत्नी और एक साल का बेटा शिवांशु छोड़ गए हैं। संजीव की शहादत की खबर सुनने के बाद से उनकी पत्नी बेसुध हो गई है। मासूम बच्चे को एहसास भी नहीं है कि उसके साथ क्या हो गया है। वो बस एक टक मां को देख रहा है। घर पर मची हुई चीख-पुकार सुन कर बच्चा सहम गया है।
आज घर पहुंचेगा पार्थिव शरीर
बताया जा रहा है कि आज दोपहर तक संजीव की पार्थिव देह उनेक पैृतक गांव गम्हरिया पहुंच जाएगी। संजीव के परिजनों का ढांढस बांधने के लिए लोगों घर पर कल से ही पहुंच रहे हैं। परिजनों संजीव को अंतिम बार देखने का इंतजार कर रहे हैं।