#हादसा
May 21, 2025
हिमाचल का युवक पंजाब में कर रहा था नौकरी, परिवार को आया फोन- पैरों तले खिसकी जमीन
मनीष के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के झंडूता उपमंडल के गांव भेड़ी से ताल्लुक रखने वाला युवक की पंजाब के रोपड़ में डूबने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक पंजाब में काम के सिलसिले से गया था, मगर वापस नहीं लौटा।
युवक की पहचान मनीष पुत्र श्री मोती राम पंजाब के रोपड़ की नहर में डूब गया। बताया जा रहा है कि मनीष पटियाला की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और ड्यूटी के सिलसिले में रोपड़ गया हुआ था, जहां यह दर्दनाक हादसा पेश आया।
बताया जा रहा है कि मनीष के साथ ये हादसा उस वक्त पेश आया- जब वो फोटो खींच रहा था। फोटो खींचते वक्त उसका पैर फिसल गया और वो नहर में गिर गया। पानी का तेज बहाव होने के कारण वो नहर में डूब गया।
जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मनीष के परिजनों की हालत बेसुध है। एक सामान्य कामकाजी दिन कब एक जानलेवा हादसे में बदल जाएगा, किसी ने सोचा नहीं था। मनीष के दोस्त और रिश्तेदार रोते-बिलखते घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और मौके पर गोताखोरों की टीम को तैनात किया गया। लगातार तलाशी अभियान चल रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया था। प्रशासन का कहना है कि तलाश जारी है और दुर्घटना के कारणों की भी गहनता से जांच की जा रही है। मनीष की उम्र अभी ज्यादा नहीं थी और वह अपने परिवार की आर्थिक रीढ़ माना जाता था।