#हादसा
January 25, 2025
हिमाचल : कमरे में हीटर लगाकर सो गया था व्यक्ति, आधी रात को दहका मकान
घर पर अकेला सोया था व्यक्ति
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। जिले की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली के एक घर में हीटर से आग लग गई है। इस घटना में एक व्यक्ति की आग में जिंदा जलने के कारण मौत हो गई है। घटना के वक्त व्यक्ति घर पर अकेला था और सो रहा था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हलचल मची हुई है।
शुरुआती जांच में पाया गया है कि घर में आग सुबह करीब 4 बजे लगी है। मगर लोगों को घटना के बारे में बहुत देर बाद पता चला। आगजनी की इस घटना में घर में मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय ईश्वर दास बीती रात को अपने घर पर अकेला था। इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे कमरे में चल रहे हीटर के कारण आग लग गई। पड़ोसियों को घर से आग की लपटें निकलती हुई दिखीं तो वो लोग आनन-फानन में घटनास्थल पहुंचे। लोगों ने देखा कि कमरे से आग की लपटें निकल रही थी और कमरा अंदर से बंद था। लोगों ने बिना देर किए आग पर काबू पाने की कोशिश की और पुलिस व अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि इस घटना में ईश्वर दास की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। जबकि, घर का कमरा भी बुरी तरह जल चुका था। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अभी तक इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का कोई संकेत नहीं मिला है। इसके अलावा आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों और परिजनों के बयान कलमबद्ध कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।