#हादसा
August 21, 2026
हिमाचल : अचानक युवक की टांग में तेज दर्द से बिगड़ी तबीयत, मौके पर तोड़ा दम
रात को अचानक टांग में शुरू हुआ दर्द
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के जिले से रानीताल पुलिस चौकी के तहत एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की अचानक हुई मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रात के समय युवक की टांग में अचानक दर्द होने लगा। दर्द ज्यादा होने पर उसे स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसका इलाज करवाया गया। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह वापस अपने कमरे पर आ गया।
बताया जा रहा है कि डॉक्टर के पास से वापस आने के बाद युवक कमरे में जाकर लेट गया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। मकान मालिक ने जब उसकी हालत देखी तो वह बेहोशी की हालत में था। इसके बाद मकान मालिक ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया और उसे इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा पहुंचाया गया।
युवक को एंबुलेंस के जरिए टांडा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस मौत के बाद पूरे मामले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल युवक की मौत की असली वजह सामने नहीं आई है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय उज्वल गोपाल निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उज्वल गोपाल करीब दो सप्ताह पहले ही काम की तलाश में यहां आया था और मजदूरी कर रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मौत का कारण स्पष्ट न होने के चलते पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि उज्वल गोपाल की मौत आखिर किस वजह से हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।