कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां उपमंडल ज्वालामुखी के पिहड़ी गलोटी गांव में पहाड़ी पर घास काटने गए 32 वर्षीय व्यक्ति की गिरने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है- जो कि कांगड़ा जिले का रहने वाला था।
शादी को नहीं हुआ है अभी साल
बताया जा रहा है कि सुमित की अभी सात-आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। सुमित अपने पीछे माता -पिता और पत्नी को छोड़ गया है।
यह भी पढ़ें: लेह में शहीद हुआ हिमाचल का शुभम, डेढ़ महीने पहले आया था घर
घास काटते हुए पहाड़ी से फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, सुमित घर से घास काटने के लिए गया हुआ था। इसी बीच अचानक उसका पैर पहाड़ी से फिसल गया और वह नीचे गहरी खाई में गिर गया। अंधेरा होने के चलते उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था।
400 फीट नीचे खाई में मिला शव
इसी के चलते परिजनों और ग्रामीणों द्वारा मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया गया। उधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन कर सुमित को ढूंढ लिया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस टीम को सुमित का शव पहाड़ी से लगभग 400 फीट नीचे खाई में पड़ा हुआ मिला।
यह भी पढ़ें:
हिमाचल की बेटी डॉ. थनेश्वरी बनीं बागवानी ऑफिसर, IIM में देंगी सेवाएं
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुमित की मौत के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुमित की विवाहिता बेसुध हो गई है। फिलहाल, पुलिस टीम ने सिविल अस्पताल देहरा में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
साथ ही परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। मामले में पुलिस द्वारा धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।