#हादसा
September 21, 2026
हिमाचल घूमने आए थे युवक-युवती : खाई में गिरी बाइक, परिवार ने खोया जवान बेटा
बाइक के भी परखच्चे उड़ गए हैं
शेयर करें:

कुल्लू। पहाड़ों पर सफर के दौरान एक छोटी सी चूक कितनी भारी पड़ सकती है, इसकी दर्दनाक तस्वीर कुल्लू से सामने आई है। जिभी-सोझा मार्ग पर रविवार दोपहर एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा निचला सोझा के पास पन्डला नाला क्षेत्र में दोपहर करीब 1:50 बजे हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक टैक्सी चालक सोझा से जिभी की तरफ जा रहा था। उसके आगे एक मोटरसाइकिल चल रही थी। पन्डला नाला के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते मोटरसाइकिल सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक के भी परखच्चे उड़ गए हैं।

हादसा देखकर टैक्सी चालक ने तुरंत इसकी सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सबिन मैथ्यू कुरैन के रूप में हुई है- जो केरल के एर्नाकुलम जिले के पीरुम्बदवूर का रहना वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही युवक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी पहचान अक्षरा जोस के रूप में हुई है। वह भी एर्नाकुलम जिले के कोठामंगलम की निवासी बताई गई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से बंजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

युवती की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज कुल्लू अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही बंजार पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जानकारी में बाइक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।