#हादसा
June 4, 2025
हिमाचल : पैराग्लाइडर को गले में होनी लगी खुजली, साथियों को बताते ही थम गई सांसें
परिजनों ने खोया कमाऊ बेटा, मची चीख-पुकार
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर 28 वर्षीय पैराग्लाइडर पायलट को एक जहरीले जीव ने काट लिया है। इस घटना में पैराग्लइडर की मौत हो गई है।
जवान बेटे की यूं अचानक हुई मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने अपना कमाऊ बेटा खो दिया है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार गहरे सदमे में हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि युवक पैराग्लाइडिंग और घुड़सवारी का काम करता था। घटना बीते कल उस वक्त पेश आई- जब युवक घोड़े बांधने के बाद खज्जियार मैदान में पहुंचा। यहां पहुंचने पर अचानक उसके गले में खुजली होने लगी।
युवक ने इस बारे में अपने साथियों को बताया। युवक कहने लगा कि उसे लग रहा है जैसे उसे किसी जहरीले जीव ने काट लिया है। अभी युवक अपने साथियों से बात कर ही रहा था कि इसी बीच वो बेहोश होकर गिर गया।
युवक के साथियों ने तुरंत इस बाबत पंचायत प्रधान देशराज को सूचित किया। देशराज ने युवक से बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। उसकी हालत को देखते हुए उसे आनन-फानन में फिर चंबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी बीच पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान अमित कुमार (28) के रूप में हुई है-जो कि खज्जियार का ही रहने वाला था।
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिजनों ने बेटे की मौत को लेकर किसी पर भी कोई संदेह जाहिर नहीं किया। शुरुआती जांच में मौत का कारण जहरीले जीव का काटना माना जा रहा है। मगर मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।