#अपराध
June 4, 2025
विजय सोनी गैंग : 3 राज्य में बिछाया था चिट्टे का जाल, हिमाचल में भी फैले थे 200 तस्कर- अब तक 9 अरेस्ट
विजय के खिलाफ नशा तस्करी के 18 मामले दर्ज
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है। पुलिस ने इसी साल कई अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है- जिसमें सोनी गैंग, शाही गैंग, शाह गैंग जैसे कई बड़े गैंग शामिल हैं। ताजा मामले में शिमला पुलिस टीम ने विजय सोनी गैंग पर बड़ी कार्रवाई की है।
शिमला पुलिस टीम अंतरराज्यीय चिट्टा तस्कर विजय सोनी को सोलन पुलिस कस्टडी से शिमला लेकर आई है। आरोपी को ट्रांजिट पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अब शिमला पुलिस टीम द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी- ताकि इस गिरोह से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।
आपको बता दें कि आरोपी विजय सोनी ने तीन राज्यों में चिट्टे का जाल बिछाया हुआ था। इसी साल फरवरी महीने में सोलन पुलिस टीम ने विजय को गिरफ्तार किया था। विजय के खिलाफ हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में NDPS एक्ट के तहत कुल 18 मामले दर्ज हैं।
अब तक की जांच में पाया गया है कि विजय हरियाणा के सिरसा का रहने वाला है। साल 2021 में आरोपी का हिमाचल में नेटवर्क एक्टिव हुआ था। तब से लेकर अब तक 200 से ज्यादा हिमाचली युवा उसके संपर्क में आ चुके हैं।
जांच में ये भी पाया गया है कि आरोपी ने नशे के कारोबार से करोड़ों रुपए कमाए हैं। उसने इसी कमाई से अपने नाम काफी संपत्ति अर्जित की है और कई महंगी गाड़ियां भी खरीदी हैं। आरोपी विजय के साथ-साथ उसके साथी राहुल दीवान और वार्तिक चौहान के नाम कई लग्जरी गाड़ियां रजिस्टर्ड हैं- जिनकी कीमत 1 करोड़ 10 लाख पाई गई है। पुलिस टीम ने आरोपियों की सभी गाड़ियों को जब्त कर लिया है।
विदित रहे कि, बीते जनवरी महीने को पुलिस टीम ने उत्तराखंड के हर्ष नाम के लड़के को 76 ग्राम चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ करने के बाद उसके साथियों सहारनपुर के हर्ष और पंजाब के सन्नी को गिरफ्तार किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्तिक वर्मा, राहुल शर्मा, संदीप, अंकुश तांटा और पपील भूषण को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने बताया कि अभी तक विजय सोनी गैंग के 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जल्द ही इस गैंग से जुड़े बाकी लोगों को भी सलाखों के पीछे डाला जाएगा।