#हादसा
August 20, 2025
कार चालक को हीरोपंती पड़ी भारी : HRTC बस से हो गई जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कार और बस की वीडियो
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहे है। आए दिन कई वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। ज्यादातर सड़क हादसे ड्राइवर की लापरवाही या फिर तेज रफ्तारी के कारण पेश आ रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल की राजधानी शिमला में पेश आया है।
यहां पर बनूटी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रही HRTC बस को टक्कर मार दी है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के बोनट के चिथड़े उड़ गए हैं।
हादसे के वक्त बस सवारियों से भरी हुई थी। बस में महिलाएं और बुजुर्ग भी सवार थे। कार और बस से टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। हादसे के बाद लोग सहमे हुए हैं। इस हादसे में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से को भारी नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते कल बनूटी क्षेत्र में पेश आया था। इस हादसे की लाइव वीडियो घटनास्थल पर मौजूद एक कार में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। अब ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि HRTC बस सही दिशा से आ रही है। इसी दौरान अचानक सामने से एक लाल रंग की तेज स्पीड कार आकर उसे जोरदार टक्कर मार देती है। बस से टक्कर होते ही कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाता है और कार पूरी घूम जाती है। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो जाता है।