#हादसा
July 6, 2026
हिमाचल : बीच सड़क पर खड़े आवारा बैल से टकरा गई वैन, एक शख्स की मौ*त दूसरा गंभीर
आवारा बैल से टकराई वैन
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक बार फिर तेज रफ्तार ने कहर बरपाया है। सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण मानी जाने वाली तेज गति ने इस बार भी एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। यहां एक तेज रफ्तार ओमनी वैन सड़क पर अचानक सामने आए आवारा बैल से टकरा गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला ऊना तहत थाना अंब क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एएस मोटर्स वर्कशॉप के पास पेश आया है। यहां पर बीते कल रविवार हादसे के समय एक ओमनी वैन अंब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक आवारा बैल खड़ा हुआ मिला, जिससे वैन की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी अचानक और तेज थी कि वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वैन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन में सवार दोनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।N
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग तुरंत पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंब ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद चंबा निवासी विपन कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल अवतार सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है।
सूचना मिलते ही अंब पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है ताकि पूरे हादसे की सच्चाई सामने आ सके।पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है और परिवार सदमे में है।
DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।