#हादसा
January 20, 2026
हिमाचल: नए घर का लेंटर डालने की खुशी में था परिवार, अचानक थम गई 17 साल के बेटे की सांसें
बेसुध बेड के नीचे गिरा था युवक
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक परिवार की खुशियां एक झटके में ही मातम में बदल गईं। परिवार अपने नए घर का लेंटर डालने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक उनके 17 साल के बेटे की संदिग्ध मौत हो गई। जिस परिवार में कुछ देर पहले सपनों का घर बनने की खुशियां थी, वहां अब चीख.पुकार और सन्नाटा पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला ऊना के उपमंडल अंब के ग्राम पंचायत कुठेड़ा खैरला का है, जहां 17 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में अंतिम सांस ली। यहां मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रमन के घर पर लेंटर डालने की तैयारियां चल रही थीं। घर में निर्माण कार्य के चलते माहौल सामान्य था और परिवार के सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक युवक को सीने में तेज दर्द उठा, जिससे वह असहज हो गया।
उसकी हालत देखकर पिता अशोक कुमार ने उसे नीचे स्थित कमरे में जाकर कुछ देर आराम करने की सलाह दी, ताकि उसकी तबीयत संभल सके। कुछ समय बीत जाने के बाद जब परिजन अपने बेटे को देखने कमरे में पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद दर्दनाक था। रमन बेड के नीचे बेसुध अवस्था में गिरा हुआ था।
परिजनों ने तुरंत उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
रमन उम्र 17 साल, गांव कुठेड़ा खैरला जिला ऊना के रुप मे हुई है।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस दुखद घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और रिश्तेदारों का कहना है कि रमन पूरी तरह स्वस्थ था, ऐसे में उसकी अचानक हुई मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
ASP ऊना अमित यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।