#हादसा

August 19, 2026

हिमाचल: उफनते नाले को पार करने लगा 35 वर्षीय युवक, तेज बहाव में बह गया; लोगों की अटकी सांसें

नाला पार करते समय बिगड़ा संतुलन

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के कुटलैहड़ से बारिश के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी की सांसें थम गईं। तेज बारिश के कारण उफान पर आए नाले को पार करते समय 35 वर्षीय युवक अचानक पानी के तेज बहाव में बह गया। देखते ही देखते वह करीब 50 मीटर तक पानी के साथ बहता चला गया। जिसके बाद लोगों में चीख पुकार मच गई। 

नाला पार करते समय बिगड़ा संतुलन

जानकारी के मुताबिक यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। भरमौत गांव का रहने वाला 35 वर्षीय रिंपल कुमार दगडूं जोल नाले को पार करने की कोशिश कर रहा था। लगातार बारिश के कारण नाले में पानी काफी बढ़ा हुआ था। तेज बहाव के कारण रिंपल का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : डॉक्टरों ने रेफर किया डिलीवरी केस, अस्पताल से निकलते ही AMBULANCE में जन्मा बेटा

करीब 50 मीटर तक बहता गया युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रिंपल पानी के तेज बहाव में करीब 50 मीटर तक बहता चला गया। इसी दौरान वह नाले के किनारे लगे बांस के एक झुंड में जाकर अटक गया। बांस में फंसने की वजह से उसका बहाव रुक गया और उसकी जान बच गई।

युवक को बचाने के लिए दौड़े ग्रामीण

रिंपल के नाले में बहने की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने के लिए प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने रिंपल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे उपचार दिया गया और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में स्कूली छात्रा को भगा ले गया आदमी, शादी का किया वादा- और बेच दिया

प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क

हादसे के बाद प्रशासन ने भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि बरसात के दौरान नदी-नालों में पानी अचानक बढ़ जाता है और बहाव भी बहुत तेज हो सकता है। ऐसे में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी या नाले को पार करने की कोशिश न करें। बच्चों को भी नदी-नालों से दूर रखने की अपील की गई है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख