#हादसा

March 26, 2025

हिमाचल: बोर्ड की परीक्षा देने जा रहा था बेटा, पीछे से मिली मां के गिरने की खबर- मची चीख पुकार

पेड़ से गिरने के कारण गई महिला की जान

शेयर करें:

himachal news

मंडी। मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लेहथाच के कीलन गांव में आज सुबह-सवेरे एक दुखद घटना घटी। जंगल में चारा काटने गई एक महिला की 200 मीटर ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुबह चारा काटने गई थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय कमला देवी रोजाना की तरह सुबह 8 बजे अपने घर से पास के जंगल में भेड़ों के लिए पत्तियां लेने गई थीं। चारा काटने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गईं।

यह भी पढ़ें : ज्वालाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु, रास्ते में पलटा वाहन-12 थे सवार

गहरी खाई में गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले उनका बेटा बोर्ड परीक्षा देने के लिए स्कूल गया था। परीक्षा के दौरान उसे यह दुखद खबर नहीं दी गई, ताकि उसका ध्यान न भटके।

पंचायत प्रधान ने दी पुलिस को सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पंचायत प्रधान को सूचित किया। पंचायत प्रधान ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बगस्याड अस्पताल भेज दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कमला देवी के पति किशोरी लाल इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। उनके परिवार में तीन विवाहित बेटियां और एक बेटा है। कमला देवी के अचानक निधन से पूरा गांव स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि वह मिलनसार और परिश्रमी महिला थीं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार कोरोना वॉरियर्स को करेगी एडजस्ट, मिलेगी सरकारी नौकरी

उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा समुदाय गहरे शोक में डूबा हुआ है। बहरहाल, इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में चारा काटने के दौरान होने वाले खतरों को एक बार फिर उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगलों में सुरक्षा उपायों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख