#हादसा
March 24, 2026
हिमाचल: डिनर कर कमरे में गया युवक, सुबह देखा तो बेसुध पड़ा मिला- हो चुकी थी मौ*त
काफी देर तक नहीं जागा युवक
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक निजी होटल में हड़कंप मच गया। होटल के कमरे में 27 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही होटल और आसपास का क्षेत्र शोक और सनसनी में डूब गया।
प्रत्यूष अपनी कंपनी के एक साथी के साथ आधिकारिक ऑडिट के काम के लिए बद्दी आए हुए थे। दोनों पिछले चार दिन से किशनपुरा के एक निजी होटल में रूके हुए थे। बीते सोमवार दोनों ने रात को खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए।
आज मंगलवार सुबह जब युवक काफी देर तक नहीं जागा तो उसके साथी ने उठाने की कोशिश की लेकिन वह बेसुध पड़े हुए थे। साथी कर्मचारी ने तुरंत कंपनी अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद तुरंत उन्हें नालागढ़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
प्रत्यूष उम्र 27 साल, पुत्र रविंद्र, निवासी गांव दुधवाल, जिला समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मानपुरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड को खंगाला और मृतक के कमरे का सूक्ष्म निरीक्षण किया। साथ ही वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। शुरुआती जांच में किसी तरह की हिंसा के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी कम उम्र में प्रत्यूष की मौत हृदय गति रुकने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।