#हादसा
March 21, 2026
हिमाचल: नाली में मिला 27 साल के युवा का श*व, पिकअप चला करता था गुजारा- परिवार में चीख-पुकार
शव के जेब से मिला पुलिस को पैन कार्ड
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। यहां एक 27 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के बद्दी-बरोटीवाला इलाके का है। यहां पर बीते शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने नैना अपार्टमेंट के पास नाली में युवक का शव पड़ा देखा। जिसके बाद लोगों में हड़कंप मचा दिया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा बरोटीवाला पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से पैन कार्ड बरामद किया, जिससे मृतक की पहचान रामलाल पुत्र जगदीश निवासी गांव ठेडा जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना की जानकारी मृतक के परिवार को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे घर में शोक का माहौल बन गया।
परिजनों ने बताया कि रामलाल ने कुछ समय पहले ही एक पिकअप वाहन खरीदा था और वह इसे खुद चलाकर अपनी रोजी-रोटी कमा रहा था। उनका कहना है कि रामलाल का शव वहां कैसे पहुंचा, यह देखकर वे भी हैरान हैं। हालांकि, प्रारंभिक जांच में परिजनों ने किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह और परिस्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन जांच शुरू कर दी है और इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन कर रही है।