#हादसा
April 8, 2026
हिमाचल में पलटा रेत से भरा ट्राला- 20 बाइकें चपेट में आईं, मची अफ़रा-तफरी
ट्रक चालक पर 31 हजार रुपए का जुर्माना
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। कभी चालक की लापरवाही तो कभी भारी बारिश और सड़क की फिसलन इसके मुख्य कारण बन रहे हैं। ऐसा ही एक बड़ा हादसा जिला सिरमौर में सामने आया, जहां रेत से भरा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पेश आया है। यहां पर रेत से भरा एक ट्राला अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे एक उद्योग के गेट के बाहर पलट गया। हादसे में उद्योग के बाहर खड़ी करीब 20 बाइकें ट्राले के नीचे दब गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
जांच में सामने आया है कि इनमें से 3 बाइकें पूरी तरह से तबाह हो गई हैं, जबकि बाकी 17 बाइकें भी भारी नुकसान झेल रही हैं। खुशकिस्मती रही कि उस समय वहां कोई कर्मचारी या राहगीर मौजूद नहीं था। अगर कोई वहां होता, तो बड़ी मानव त्रासदी हो सकती थी।
कालाअंब क्षेत्र में अप्रैल महीने में यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसने स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे दिया है। स्थानीय निवासी कहते हैं कि ट्राला चालक और बड़े वाहन चालक सड़कों को रेस ट्रैक समझते हैं।
तेज रफ्तार, खतरनाक ओवरटेकिंग और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन जल्द ही इन बेलगाम वाहनों पर नकेल नहीं कसता है, तो उन्हें सड़कों पर उतरकर विरोध करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
ASP योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया। पुलिस ने चालक पर 31 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। मामले की गहन जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा के सख्त कदम उठाए जाएंगे।