#हादसा
April 2, 2026
हिमाचल: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, उड़े परखच्चे; शख्स की मौके पर मौ*त
तेज रफ्तार ने छीन ली शख्स की सांसें, पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

पांवटा साहिब (सिरमौर): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। पांवटा साहिब के तहत नेशनल हाईवे-707 पर किशनकोट के पास तेज रफ्तार बाइक एक खड़े खराब ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार पांवटा साहिब की ओर आ रहा था। इसी दौरान किशनकोट के समीप पहुंचते ही वह अपनी बाइक पर से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में जा टकराया। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार व्यक्ति सड़क पर दूर जा गिरा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : तेज रफ्तार बाइक पहाड़ी से सीधे फोरलेन पर गिरी, मौके पर थमी शख्स की सांसें
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 56 वर्षीय खजान सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा, निवासी गांव सालवाला (डाकघर गोरखुवाला), तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में गहरा शोक छा गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक ही परिवार की तीन महिलाएं लापता, मां-बेटी और ननद को तलाश रही पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। सिरमौर पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।