#हादसा
February 19, 2026
हिमाचल में ट्रैक्टर से टकराई बाइक, पति-पत्नी की मौके पर थमी सांसें, बाइक सवार से ली थी लिफ्ट
एक बाइक पर सवार थे तीन लोग, गलत दिशा में कर रहे थे ओवरटेक
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बाइक सवार पति पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आज गुरुवार दोापहर के समय उस समय हुआ, जब दोनों पति पत्नी सहित तीन लोग बाइक पर सवार होकर कालाअंब की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई और पीछे बैठे दोनों पति पत्नी ट्रैक्टर ट्रॉली के टायर के नीचे आ गए। इस हादसे में दंपत्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे के आसपास हुआ है। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर दंपत्ति सहित तीन लोग त्रिलोकपुर से कालाअंब की तरफ जा रहे थे। जब यह लोग रुचिरा पेपर मिल के पास पहुंचे तो बाइक चालक ने आगे चल रही एक ट्रैक्टर ट्राली से गलत दिशा में जाकर ओवरटेक करने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें : जयराम की सुक्खू सरकार को नसीहत: नीयत साफ होती तो हम साथ चलते.. अपना व्यवहार बदलें CM
बताया जा रहा है कि इसी ओवरटेक के प्रयास में बाइक सवार ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे पति पत्नी उछलकर ट्राली की तरफ जा गिरे और टायर के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा शख्स दूसर तरफ गिरा। दंपत्ति की मौत को देखते ही बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले पति पत्नी की पहचान जगरू मांझी पुत्र लेखराज मांझी और उसकी पत्नी लखपति देवी पत्नी जगरू मांझी दोनों निवासी गोपालगंज तहसील गोपालगंज केशापुर जिला भागलपुर बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की जांच लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कर रही है।
यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट की आहट: सीएम सुक्खू पूरी कैबिनेट संग आज करेंगे दिल्ली कूच, राहुल संग बनाएंगे रणनीति
बताया जा रहा है कि दोनों पति पत्नी कालाअंब के खैरी में रह रहे थे और कालाअंब क्षेत्र में एक उद्योग में काम करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपत्ति ने बाइक सवार से लिफ्ट ली थी। लोगों का कहना है कि अगर पति पत्नी ने लिफ्ट नहीं ली होती, तो शायद आज वह जिंदा होते। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू आज जम्मू -कश्मीर जाएंगे: उमर अब्दुल्ला से होगी विशेष चर्चा, मिलकर बनाएंगे केंद्र पर दबाव
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है। बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, उसकी तलाश की जा रही है।