#हादसा
April 4, 2026
हिमाचल: घर से ड्यूटी पर निकला था बैंक कर्मचारी, तेज रफ्तार स्कूटी ने मारी टक्कर- थमी सांसें
तेज रफ्तार स्कूटी ने मारी टक्कर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। सुबह घर से ऑफिस के लिए निकला एक बैंक कर्मचारी शाम तक वापस नहीं लौट पाया, बल्कि उसकी मौत की खबर ही घर पहुंची। तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से कर्मचारी की मौके पर ही जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
प्रााप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-नाहन नेशनल हाईवे पर भूपपुर के पास पेश आया है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी रोज की तरह सुबह अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। वह बस के जरिए भूपपुर पहुंचे और वहां उतरकर सड़क पार कर रहे थे।
सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार स्कूटी (नंबर HP 85-2070) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति मौके पर ही सड़क पर गिर गए। और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन किया। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। लेकिन दुखद बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरि राम पुत्र पिरता राम, निवासी गांव टोकियों, पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रुप में हुई है। वह भूपपुर स्थित यूको बैंक में मुख्य कैशियर के पद पर कार्यरत थे।
जैसे ही इस हादसे की खबर उनके परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बैंक के साथियों और इलाके के लोगों में भी गहरा दुख देखा जा रहा है, क्योंकि हरि राम अपने व्यवहार और काम के लिए जाने जाते थे।
SP सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा कैसे हुआ और इसमें किसकी गलती थी।