#हादसा
June 22, 2026
हिमाचल : नदी में नहाने गए थे तीन दोस्त, 26 वर्षीय बबलू की हुई मौ*त- जांच में जुटी पुलिस
दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था युवक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां पर नदी में नहाने गए 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शिमला जिले के नेरवा स्थित शालवी नदी में पेश आया है। बताया जा रहा है कि बीते रविवार को मौसम अच्छा होने के चलते युवक अपने दोस्तों के साथ शालवी नदी में नहाने पहुंचा था। तीनों नदी में नहा रहे थे, इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी की ओर चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा।
युवक को डूबता देख वहां मौजूद दो उसके दोस्तों की नजर उस पर पड़ी। दोनों युवकों ने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद दोनों ने युवक को गहरे पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद युवक को तुरंत इलाज के लिए नेरवा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान बबलू उम्र 26 साल, पुत्र सुभाष चंद, निवासी गांव झड़ेच, जिला शिमला के रूप में हुई है। बबलू नेरवा क्षेत्र में अपने कुछ साथियों के साथ मजदूरी का काम करता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद नेरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के नेरवा पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
वहीं, हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन ने भी दुख जताया है। कार्यालय कानूनगो नेरवा के अधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमों के अनुसार तत्काल अंतरिम आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। बबलू की अचानक हुई मौत से उसके गांव झड़ेच समेत पूरे नेरवा क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।