#हादसा
May 7, 2026
हिमाचल: HRTC बस में खिड़की से बाहर झांक रहा था शख्स, बिजली के खंभे से टकराया सिर; थमी सांसें
चलती बस में खिड़की से झांकना पड़ा भारी, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसे लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। आए दिन सामने आ रही दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जिंदगी गंवा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी शिमला के नेरवा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक छोटी सी लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली और पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया।
दरअसल नेरवा बाजार में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस ट्रैफिक जाम में फंसी हुई थी। जैसे ही जाम खुला और बस ने रफ्तार पकड़ी, बस के भीतर एक भयानक मंजर घटित हुआ। बस में सवार एक यात्री खिड़की से बाहर झांक रहा था, इसी दौरान अचानक उसका सिर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लायक राम लहूलुहान होकर बस के भीतर ही गिर पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: राधा स्वामी परौर ने निर्माण के लिए चीर दिया पहाड़ों का सीना, काट दिए कई पेड़; NGT रिपोर्ट में खुलासा
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा पहुंचाया। लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान नेरवा क्षेत्र के बजाह गांव निवासी लायक राम के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजार में जाम की स्थिति बनी हुई थी और बस धीरे.धीरे आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हाजिरी घोटालेबाज कर्मी का खुला राज : ज्वाइनिंग के बाद रही गायब, लगती रही अटेंडेंस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मुख्य गवाह शमशेर सिंह के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता ;ठछैद्ध की संबंधित धाराओं 281 और 106 (1) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या बस की गति अधिक थी या फिर सड़क किनारे लगा खंभा यातायात में बाधा बन रहा था। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यात्रा के दौरान थोड़ी सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।