#हादसा
June 30, 2025
शिमला में 5 मंजिला मकान चकनाचूर, लोगों की चीखों से दहला पूरा इलाका- देखें खौफनाक VIDEO
फोरलेन कटिंग बनी खतरा, रात को खाली करवाया गया मकान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीती रात 11:30 बजे से जारी तेज बारिश ने लोगों की नींद और सुरक्षा दोनों छीन ली। सुबह होते-होते राजधानी शिमला के भट्टाकुफर क्षेत्र से चौंकाने वाली खबर आई, जहां फोरलेन कटिंग की वजह से नींव कमजोर पड़ने से 5 मंजिला मकान ढह गया। राहत की बात यह रही कि प्रशासन की सतर्कता से रात को ही मकान खाली करवा लिया गया था, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, यह मकान एक रिटायर्ड SDO का था और बीती रात जब दीवारों में दरारें आने लगीं तो लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। NHAI द्वारा फोरलेन निर्माण के लिए की जा रही कटिंग पहले से विवादों में रही है और यह घटना फिर उसी की ओर इशारा करती है कि विकास की रफ्तार, ज़मीन की मजबूती को नजरअंदाज कर रही है।
शिमला में लगातार और मूसलाधार बारिश ने अपना ख़ौफ़नाक रूप दिखाना शुरू कर दिया है. शहर के के भट्टकूफ़र इलाके में एक बहुमंज़िला इमारत बरसात की मार के आगे नहीं टिक सकी. #shimla #Bhattakufar #incessantrain pic.twitter.com/7A1Uww1sGr
— Rana Yashwant (@RanaYashwant1) June 30, 2025
वहीं, सुजानपुर (हमीरपुर) से एक और घटना सामने आई है, जहां सुबह एक बड़ा पेड़ गिरने से तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के समय गाड़ियों में कोई सवार नहीं था, वरना जान का नुकसान भी हो सकता था।
मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में आज रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं शिमला, चंबा, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इस अलर्ट के चलते प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। साथ ही कुल्लू जिले के मनाली और बंजार डिवीजन में भी स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर मंडी जिला में देखने को मिला, जहां बीती रात 119 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। कई क्षेत्रों में पानी घरों में घुसने की सूचना है, तो कई संपर्क मार्ग बंद हो चुके हैं।