#हादसा
August 5, 2026
हिमाचल : छोटे भाई को लेने जा रहा था मोहित, रास्ते में पड़ी मिली देह- हालत देख कांप गए हाथ
मोहित ने मौके पर बुलाई पुलिस, इलाके में सन.सनी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हो रहे हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कई बार सड़क पर पैदल चल रहे लोग भी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर मौत का शिकार हो जाते हैं। ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा जिला ऊना से सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत कटौहड़ कलां सामने आया है। यहां पर हिट एंड का मामला सामने आया है। पंजोआ कलां निवासी मोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार सुबह अपनी कार से छोटे भाई को लेने कटौहड़ कलां जा रहा था। जब वह पीपल के पेड़ के पास पहुंचा तो उसने सड़क पर एक व्यक्ति को पड़ा हुआ देखा। मोहित ने तुरंत अपनी कार रोकी और पास जाकर देखा।
मोहित के मुताबिक, व्यक्ति का शरीर बुरी तरह कुचला हुआ था। मौके की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर वाहन उसके ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद चालक वहां से फरार हो गया।
मोहित कुमार ने तुरंत पुलिस थाना अंब को फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव की तलाशी भी ली, लेकिन उसके पास से ऐसा कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस घटनास्थल पर मिले टायरों के निशानों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों की मदद से हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और चालक का पता लगाया जा सकेगा। मृतक की पहचान के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है।