#हादसा
November 4, 2025
हिमाचल: कुएं से पानी लेकर वापस आ रहा था किशोर, रास्ते में सर्पदंश के चलते थमी गई सांसें
जल शक्ति विभाग की लापरवाही आई सामने
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से दुखद खबर है। यहां एक 16 साल के किशोर की सर्पदंश के चलते मौत हो गई। वहीं हैरानी की बात ये है कि जल शक्ति विभाग की लापरवाही के तार भी इस हादसे से जुड़ रहे हैं।
मामला कोटला क्षेत्र की पंचायत पधर के सरहंडी गांव का है। एक 16 साल का किशोर आगम शर्मा (पुत्र अजय कुमार) घर से लगभग 500 मीटर दूर कुएं से पानी ले जा रहा था। रास्ते में किशोर को सांप ने डस लिया। परिजन उसे सिविल अस्पताल शाहपुर ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी मिली है कि किशोर का घर जहां है, वहां महीने में 2-3 बार ही पानी आता है। ऐसे में पानी के लिए कुएं पर जाना पड़ता है। ऐसा ही कुछ किशोर ने भी किया लेकिन रास्ते में ही उसे सांप ने काट लिया। ऐसे में इस मामले में जल शक्ति विभाग का नाम भी सामने आ रहा है।
मृत किशोर एक गरीब परिवार से संबंध रखता था और दसवीं का छात्र था। प्यास बुझाने के लिए किशोर ने कुएं का रूख किया लेकिन मौत के मुंह में समा गया। मामले को लेकर लोगों में जल शक्ति विभाग के खिलाफ काफी गुस्सा व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि मजदूर मां-बांप को सहायता के रूप में तुरंत सरकार आर्थिक मदद प्रदान करे व न्यायिक जांच कर इस मौत के जिम्मेदार निर्धारित किए जाएं ताकि आने वाले समय में दोबारा इस तरह की घटनाएं ना हों।
वहीं पंचायत प्रधान व समस्त पंचायत सदस्यों ने भी गरीब परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। उन्होंने भी कहा कि महीने में 1 या 2 बार ही पीने का पानी आता है व ग्रामीण पीने का पानी कुएं से ही लाते हैं।