#हादसा
October 16, 2026
हिमाचल : खेत में काम करते समय पलटा ट्रैक्टर , रातभर दबा रहा चालक- दूसरे दिन मिली देह
पत्नी और दो बेटियों को पीछे छोड़ गए मदन चंद
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बड़सर उपमंडल की जजरी पंचायत में खेत में काम करते समय ट्रैक्टर पलटने से 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक रातभर ट्रैक्टर के नीचे दबा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर की बड़सर उपमंडल जजरी पंचायत से सामने आया है। बता दें कि व्यक्ति खेत में अकेले काम कर रहा था। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को उनकी चिंता सताने लगी।
उनकी पत्नी ने फोन करके संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल वाइब्रेशन मोड पर होने के कारण फोन की आवाज सुनाई नहीं दी। इसके बाद परिजन उनके घर लौटने का इंतजार करते रहे और उनकी तलाश में भी जुटे रहे। रातभर परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि व्यक्ति के साथ खेत में कोई अनहोनी हो चुकी है।
शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग खेत की तरफ गए तो उन्होंने ट्रैक्टर को पलटा हुआ देखा। इसके बाद हादसे का पता चला और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दुख का माहौल है। मृतक की पहचान मदन चंद 58 वर्षीय, पुत्र आत्माराम निवासी जजरी के रूप में हुई है।
जजरी पंचायत के प्रधान अमित ढटवालियां ने बताया कि मदन चंद अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह घटना बेहद दुखद है। जिस व्यक्ति के घर लौटने का परिजन रातभर इंतजार करते रहे, सुबह उसकी मौत की खबर मिली। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं क्षेत्र के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं।