#हादसा
November 19, 2025
हिमाचल: पिकअप चला परिवार पाल रहा था बबलू, पत्थर अनलोड करते वक्त पलटा वाहन- निकले प्राण
SUB-पत्थर अनलोड कर रही थी पिकअप
शेयर करें:

चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। यहां एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला के रजेरा–संगेड़ संपर्क मार्ग पर बीते कल हुआ है। बताया जा रहा है कि पिकअप चालक संगेड़–रजेरा रोड पर पत्थर उतार रहा था। इसी दौरान अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में जा गिर गया। पिकअप चालक उसके नीचे आ गया। हादसा में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे गाड़ी से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुँचाया और साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी। लेकिन अफसोस की बात यह कि अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। चालक की पहचान बबलू (38), पुत्र शिव कुमार निवासी थरेड, जिला चम्बा के रुप में हुई है।
उधर, पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां शव को कब्जे में लिया और मौके की जानकारी जुटानी शुरू की। अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में बच्चे के जाने से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।
ASP हितेश लखनपाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहराई से जाँच शुरू कर दी गई है कि गाड़ी कैसे अनियंत्रित हुई। इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है, क्योंकि बबलू इलाके में मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति के तौर पर जाना जाता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी रखी है।