#हादसा
September 2, 2026
हिमाचल : अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी कार, एक ने तोड़ा दम; दो गंभीर घायल
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। माहूंनाग के समीप एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला मंडी के माहूंनाग के समीप पेश आया है। यहां पर अचानक एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।कार के पलटने की आवाज सुनकर और हादसा देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
यह भी पढ़ें : PHD रिजल्ट आने के बाद परेशान था छात्र, फोन करने पर नहीं उठाया- अगले दिन मिली देह
हादसे में मोहन सिंह मेहरन की मौत हो गई। वहीं कार में सवार विनीत और चुड़ामणी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई और सड़क पर पलट गई।
यह भी पढ़ें : आधा किलो चरस के साथ हरियाणवी अरेस्ट, 2 युवकों से चिट्टा और नकदी बरामद
पुलिस की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे को लेकर आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
DSP करसोग चांद किशोर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि माहूंनाग के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।