#हादसा
June 27, 2026
हिमाचल : पिता का इंतजार कर रहे थे मासूम बच्चे, घर लौटी देह- पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
दो बच्चों को छोड़ गए सतीश
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस पिता के घर लौटने का इंतजार उसके मासूम बच्चे कर रहे थे, वह उनकी आंखों के सामने नहीं बल्कि हमेशा के लिए खामोश होकर घर पहुंचा। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा जिला कांगड़ा से सामने आया है। यहां पर एक ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कांगड़ा के फतेहपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत रियाली में पेश आया है। यहां पर एक ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार व्यक्ति गंभीर घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सतीश कुमार, निवासी गांव मलहन्ता जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। सतीश कुमार शाह नहर विभाग में बेलदार के पद पर तैनात थे और लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी नौकरी के करीब 14 साल अभी बाकी थे। इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।
सतीश की अचानक हुई मौत के बाद उनके घर में मातम पसरा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल में परिवार का सहारा छिन जाने से परिजन बेहद दुखी हैं।
हादसे के बाद मृतक के परिवार वालों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की पूरी निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि इस दुर्घटना की सही तरीके से जांच होनी चाहिए ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
उन्होंने मांग की है कि अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं।
DSP ज्वाली बीडी सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के बाद सभी जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।