#हादसा
May 7, 2026
हिमाचल : पुल से नीचे गिरी दिल्ली की कार- चार लोग थे सवार, चीख पुकार से दहला इलाका
पुल के नीचे जा गिरी कार
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पहाड़ी सड़कों पर जरा सी लापरवाही कई बार बड़े हादसों का कारण बन जाती है। ताजा मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, यहां पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना जिला कांगड़ा के बनखंडी-हरिपुर मार्ग का है। यहां दिल्ली नंबर की एक कार बनखंडी से हरिपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुली के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क से नीचे जा गिरी। कार के अंदर बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब की राजनीति: भाजपा ने कांग्रेस नेता की पत्नी को बनाया अपना प्रत्याशी; दिया टिकट
हादसे के समय गाड़ी में चार लोग सवार बताए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों की चीखें सुन स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में सवार लोगों को चोटें आई हैं, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि हादसा किन कारणों से हुआ है।