#हादसा
September 16, 2025
हिमाचल : भारी बारिश से दरकी पहाड़ी, पांच लोग मलबे में दबे, महिला की थमी सांसें
एक ही परिवार के पांच लोग दबे
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंडी जिले की निहरी तहसील के अंतर्गत आने वाली बोई पंचायत के ब्रगटा गांव में बीते कल यानी सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज बारिश के कारण पहाड़ी दरक गई और भूस्खलन से एक घर मलबे की चपेट में आ गया। इस घर में रह रहे परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की मदद से अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, एक महिला का शव भी मलबे से बरामद कर लिया गया है। बाकी दो अन्य लोग अभी तक लापता हैं और उनकी तलाश के लिए राहत-बचाव अभियान जारी है। हालांकि लगातार हो रही बारिश और ढलानों से मिट्टी खिसकने का खतरा बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना हुआ है।
घटना वाले क्षेत्र तक पहुंचना बचाव दलों के लिए आसान नहीं है। कई मार्ग बंद होने की वजह से मशीनरी और राहतकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग रहा है। इस बीच ग्रामीण खुद ही फावड़े और साधारण उपकरणों से मलबा हटाकर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से विशेष टीमें मौके पर भेज दी गई हैं, लेकिन खराब मौसम के चलते हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के छह जिलों – बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से राज्यभर में 490 सड़कें, 352 ट्रांसफार्मर और 163 पेयजल योजनाएं प्रभावित हो चुकी हैं।
बरसात के साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है। सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने लगी है, जिससे ग्रामीण इलाकों में परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।