#हादसा
August 10, 2025
हिमाचल: रक्षाबंधन के दिन बहन के घर में भाई ने त्यागे प्राण, सदमें में पूरा परिवार
दिन में मनाया रक्षाबंधन का त्यौहार रात को बिस्तर पर हो गई अनहोनी
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल के हमीरपुर जिला से एक दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रक्षाबंधन के दिन बहन से उसका भाई सदा के लिए बिछड़ गया। बड़ी बात यह है कि भाई की मौत भी बहन के घर पर ही हुई। जिससे बहन को गहरा सदमा लगा है। मामला मामला हमीरपुर जिला के उपमंडल भोरंज के तहत आते दररु गांव का है। शख्स की मौत बीते रोज रक्षाबंधन की रात को हुई।
मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल भोरंज के तहत भदरु गांव में एक 41 वर्षीय शख्स की मौत से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। रक्षाबंधन के दिन बहन के घर में हुई भाई की मौत से बहन भी गहरे सदमे में है। बहन को नहीं पता था कि आज जो वह अपने भाई को राखी बांध रही है, वह उसके भाई की अंतिम राखी होगी। मृतक व्यक्ति की पहचान 41 वर्षीय रवि कुमार निवासी गांव भदरु डाकघर कन्जायण जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहुंचे 500 के नकली नोट, बैंक में जमा करवाई जाली करंसी; कहीं आपकी जेब में तो नहीं...
बताया जा रहा है कि रवि कुमार अविवाहित थे और अपने बहन और जीजा के साथ उनके घर परोल गांव में ही रहते थे। रवि कुमार ने बीते रोज रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन के हाथों से राखी बंधवाई थी। रात को जब वह खाना खाने के बाद अपने बिस्तर पर सोने के लिए गए तो उन्हें बिस्तर पर ही सांप ने काट लिया। गले पर कुछ काटने का एहसास होने पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े दो चरस तस्कर, बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं तार- खंगाले जा रहे रिकॉर्ड
तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे दिम्मी के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रवि को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रवि कुमार की तबीयत में यहां भी सुधार नहीं हुआ और उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी। जिसके चलते उसे जिला अस्पताल से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर भेज दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे जब उसे एम्स बिलासपुर पहुंचाया, तो वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया।
थाना प्रभारी एसएचओ भोरंज प्रशांत सिंह ठाकुर ने बताया कि आज रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।