#हादसा
March 24, 2026
हिमाचल : बेटी के साथ पत्नी को मायके छोड़ वापस लौट रहा था दीपक, गहरी खाई में गिरी कार और..
पुलिस कर रही है मामले की जांच
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों में मृतकों की संख्या भी बढ़ती हुई दर्ज की जा रही है। इसी कड़ी में ताज़ा मामला प्रदेश के जिला चंबा से सामने आया है। जहां एक चालक से जिमनी कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा मंडी जिले के गोहर उपमंडल में चैलचौक–जहल मार्ग पर तूना मोड़ के पास पेश आया है। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, चालक अपनी पत्नी और बेटी को मंडी में उनके मायके छोड़कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान तूना मोड़ के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे का शिकार हुए मृतक की पहचान दीपक कुमार पुत्र डिका सिंह उम्र 35 साल, निवासी गांव स्यास (धंग्यारा क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह वाहन में अकेले सवार था।
उधर, मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।