चंबा। हिमाचल में लगातार पेड़ों के कटान और जंगलों के कम होते क्षेत्रफल का ही नतीजा है कि जंगली जानवर अब रिहायशी इलाकों मंे पहुंचना शुरू हो गए हैं। बंदरों से लेकर भालूओं का आतंक अब जंगलों के साथ लगते गांवों में देखने को मिलता है। आए दिन भालूओं की हमले से लोगों की मौत हो रही है तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हिमाचल के चंबा जिला से सामने आया है।
भालू के हमले से एक महिला की मौत
हिमाचल के चंबा जिला में भालू के हमले से एक महिला की मौत हो गई है। वहीं एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। यह दोंनों ही महिलाएं जंगल के साथ लगते गांव की रहने वाली हैं और जंगल में घास काटने के लिए गई थीं। दोनों महिलाएं आपस में रिश्ते में जेठानी और देवरानी बताई जा रही हैं। इसी बीच इन पर भालू ने हमला कर दिया। हालांकि इन महिलाओं ने अपने आप को बचाने का प्रयास किया लेकिन भालू के हमले से यह दोनों ही घायल हो गईं।
घास काटने गई दो महिलाओं पर भालू ने किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा चंबा जिला की ग्राम पंचायत धीमला के दलपा गांव की रहने वाली दो महिलाएं ठांठी देवी और पींकी देवी घास काटने के लिए घर से निकली थीं। दोनों ही महिलाएं कलवारा के जंगल में घास काट रही थी। इसी दौरान पास के घने जंगल से भालू निकल कर वहां आ पहुंचा और घास काट रही इन दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: अवैध मस्जिद निर्माण को खिलाफ प्रदर्शन आज, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
अस्पताल पहुंचाने से पहले एक महिला की मौत
भालू के हमले से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिलाओं के चिल्लाने की आवाज जब कुछ लोगों ने सुनी तो वह मौके पर पहुंचे। लोगों को देख कर भालू मौके से भाग गया। लोगों ने दोनों महिलाओं को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पिंकी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं ठांठी देवी का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बर्फबारी- फंस गए दो दर्जन मजदूर, प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू
लोगों ने वन विभाग से लगाई भालू को पकड़ने की गुहार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और आगामी जांच की जा रही है। वहीं गांव के लोगों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें: विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पर कर्मचारी नेताओं को 15 दिन का समय, जानें मामला
हिमाचल में आए दिन हो रहे भालूओं के हमले
बता दंे कि यह कोई पहला मामला नहीं है, जब हिमाचल में भालू ने किसी इंसान पर हमला ना किया हो। आए दिन इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं। अभी हाल ही में सिरमौर जिला के पच्छाद में भी भालु ने एक बुजुर्ग महिला पर घर में घुस कर हमला किया था।
यह भी पढ़ें: मंडी में दिखा संजौली 2.O: प्रदर्शनकारियों से धक्का-मुक्की, वाटर कैनन चलाई
मामला 23 अगस्त का है। जब महिला घर में सो रही थी तभी भालू उसके घर के पास ही मक्की के खेत में पहुंचा भालू घर में घुस आया और महिला पर हमला कर दिया। भालू के हमले से घायल महिला के सिर पर 50 से ज्यादा टांके लगे थे।
क्यों बढ़ रहे जंगली जानवरों के हमले
दरअसल हिमाचल में जंगलों का दायरा कम होता जा रहा है। जरूरत से ज्यादा पेड़ों का कटान किया जा रहा है। जिससे जंगल खत्म हो रहे हैं। ऐसे में जंगलों में रहने वाले जंगली जानवर अब रिहायशी इलाकों की तरफ आने लगे हैं। पूरे प्रदेश में बंदरों का आतंक बढ़ने का भी यही कारण है। कम होते जंगल और जंगलों में खाने को कुछ ना मिलने के चलते यह बंदर और अन्य जंगली जानवर गांवों की तरफ बढ़ रहे हैं।