#हादसा
August 21, 2026
हिमाचल : बिजली की तारें ठीक कर रहा था युवक, खंभे से गहरी खाई में गिरा- मौके पर थमी सांसें
बिजली के खंभे पर तारें लगाने का काम कर रहा था युवक
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है। यहां पर एक 23 साल के युवक की अचानक पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरा। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के पांगी घाटी के आखिरी गांव शोर से सामने आया है। यहां पर जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के थिरोट से पांगी के लिए आ रही 33 KV बिजली लाइन पर काम करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय युवक शोर गांव के पास बिजली के खंभे पर तारें लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया। इससे वह अपना संतुलन नहीं संभाल पाया और सीधे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय तारिक हुसैन पुत्र नवाब दीन निवासी चसाना, तहसील मामनकोट, जिला रियासी, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तारिक हुसैन पिछले करीब तीन महीने से बिजली बोर्ड के एक ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पांगी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर गहरी खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सिविल अस्पताल किलाड़ में युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि तारिक हुसैन पिछले करीब तीन महीने से बिजली बोर्ड के ठेकेदार के साथ 33 KV लाइन पर काम कर रहा था। शोर गांव के पास बिजली के खंभों पर तारें लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया और एक परिवार ने अपना 23 वर्षीय बेटा खो दिया।
SP विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।