#हादसा
September 23, 2026
हिमाचल : भवन में काम कर रहे मजदूर ने खोया बैलेंस, गिरने से मौ**त- बेसहारा हुआ परिवार
चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में आज यानी बुधवार सुबह निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे एक मजदूर के साथ अचानक हादसा हो गया। काम के दौरान ऊंचाई से गिरने के बाद व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, घटना जिला चंबा के बनीखेत क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुई, जहां निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे 49 वर्षीय व्यक्ति अचानक नीचे गिर गए।
गंभीर चोटों के चलते उन्हें उपचार के लिए बनीखेत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक विश्व दीपक कंवर के अनुसार देव राज को बेहद गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही।
उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकीय पुष्टि के बाद घटना की सूचना संबंधित पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निर्माणाधीन भवन में काम के दौरान शख्स किस परिस्थिति में नीचे गिरे और हादसे की वजह क्या रही।
मृतक की पहचान देव राज, निवासी सकरेरा, तहसील डलहौजी, बनीखेत के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल डलहौजी ले गई। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।