#हादसा
April 20, 2025
हिमाचल : सुबह-सवेरे गैस टैंकर से टकराई कार, शादी से लौट रहे बंटू ने मौके पर ही दम तोड़ा
जम्मू के सांबा में सैन्य क्षेत्र के पास हुआ हा*दसा
शेयर करें:

शिमला/जम्मू। सड़क हादसे अक्सर पीड़ित परिवारों को ताउम्र के लिए असहनीय जख्म दे जाते हैं। हादसों की खबर तब और ज्यादा पीड़ादायक व भयावह हो जाती है जब कोई घर से इलाके से या फिर अपने राज्य से बाहर काल का ग्रास बन जाता है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा आज सुबह जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में हुआ है। जिसमें एक हिमाचली शख्स सहित दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना सैन्य क्षेत्र के नज़दीक स्थित बूचड़ी इलाके में सुबह करीब 6:30 बजे सामने आई, जब एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर से जा टकराई।
यह भी पढ़ें : मां ने फोन चलाने पर लगाई डांट, बेटे ने खुद को कमरे में बंद कर उठाया खौफनाक कदम
कार में सवार तीन युवक एक हिमाचल प्रदेश से, दूसरा उत्तर प्रदेश और तीसरा जम्मू-कश्मीर के कठुआ क्षेत्र से एक शादी समारोह में शिरकत कर वापसी कर रहे थे। लेकिन यह वापसी उनकी ज़िंदगी की आखिरी यात्रा बन गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर से इतनी जोरदार टकराई कि वाहन टैंकर के नीचे पूरी तरह फंस गया।
इस भीषण हादसे में हिमाचल प्रदेश निवासी बंटू डोगरा और उत्तर प्रदेश निवासी शुभम श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा युवक, राकेश कुमार निवासी बिलावर, कठुआ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुंरत सांबा के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद का मंजर इतना भयावह था कि राहत व बचाव कार्य में पुलिस और स्थानीय लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कार टैंकर के नीचे बुरी तरह फंसी हुई थी, जिससे शवों को निकालने में काफी समय लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: चिट्टे के धंधे में पूरा परिवार- बेटा खोजता था ग्राहक, मां के अकाउंट में आते थे पैसे
पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना में लापरवाही किसकी थी। वहीं, मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। बहरहाल, यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़कों पर खड़े भारी वाहनों की खतरनाक स्थिति को उजागर करता है।