चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में सुबह-सवेरे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां मणिमहेश यात्रा में मां भरमाणी रोड पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे में चार लोगों की मौत होने की सूचना है। हादसे में सात लोग घायल भी हुए हैं।
सुबह-सवेरे पेश आया हादसा
सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर से चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल की गेंदबाज रेणुका ठाकुर T-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में शामिल
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए यह लोग पठानकोट से आए थे। यह सभी लोग HP02C-0345 नंबर बोलेरो कैंपर में सवार होकर माता भरमाणी मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच सुबह करीब 9 बजे भरमाणी सड़क मार्ग पर इनकी गाड़ी काफी गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे के वक्त वाहन चालक समेत 11 लोग सवार थे। जिसमें से चार लोगों की मौत होने की जानकारी है और सात लोग घायल हुए हैं।
फिलहाल, दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों घायलों को भरमौर सिविल अस्पताल से चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे का कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
नोट: अधिक जानकारी मिलते ही खबर में अपडेट कर दिया जाएगा।