बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नदियों और खड्ड में नहाने उतर रहे हैं। जिससे नदियों की गहराई का अंदाजा ना होने से कई बार यह लोग हादसे का भी शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के बिलासपुर जिले से सामने आया है। जहां तलवाड़ा पुल के पास सीर खड्ड में डूबने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक अपने माता.पिता की इकलौती संतान था। वह घर में बिना बताए अपने दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने गया था।
तैरने में असमर्थ था युवक
घटना भराड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तलवाड़ा पुल के नजदीक हुई। मृतक युवक की पहचान 17 वर्षीय गौरव चौहान पुत्र सुनील कुमार निवासी घंडालवीं के रूप में हुई है। गौरव अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए खड्ड में गया था। जहां वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। गौरव को तैरना नहीं आता था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में गर्मी का कहर: इस दिन होगी बारिश, यहां जानें पूरी डिटेल
पंप हाउस के कर्मचारी ने बाहर निकाला
गौरव को डूबने देख उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद नजदीकी पंप हाउस के कर्मचारी राजकुमार ने मौके पर पहुंचकर पानी में छलांग लगाई और काफी प्रयास के बाद गौरव को पानी से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: सतलुज में समाया डंपर, चालक का नहीं मिला कोई सुराग
राजकुमार ने गौरव को होश में लाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गौरव को तुरंत टैक्सी से भराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर से कंप्यूटर सेंटर के लिए निकला था युवक
गौरव 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर चुका था और वर्तमान में लदरौर क्षेत्र में कंप्यूटर सीखने जा रहा था। परिजनों के अनुसार आज शुक्रवार सुबह 11 बजे वह कंप्यूटर सेंटर के लिए घर से निकला था, लेकिन सीर खड्ड में नहाने कैसे पहुंच गया, इसका पता नहीं चल सका है। गौरव के पिता सुनील कुमार घंडालवीं डिपू पर सेल्समेन हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: बिजली के खंभे से टकराई बाइक, नहीं बची चालक की जान
पुलिस कर रही मामले की जांच
भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है और मामले की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना ने परिवार और स्थानीय लोगों को सदमे में डाल दिया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।