#हादसा

August 17, 2025

हिमाचल: मिक्सचर मशीन ठीक करते जमीन पर गिरा मैकेनिक, वहीं निकल गए प्राण

पैर फिसलने से गिरा था संजीव, परिवार को लगा गहरा सदमा

शेयर करें:

Bilaspur News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में एक तरफ भारी बरसात कई लोगों की जान ले रही है। वहीं दूसरी तरफ हादसों का दौर जारी है। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के बिलासपुर जिला में हुआ है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। यह हृदय विदारक हादसा झंडूता विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है, जिसमें एक मेहनतकश मोटर मैकेनिक की जान चली गई। हादसा तब हुआ जब वह सड़क निर्माण कार्य के दौरान खराब हुई मिक्सचर मशीन को ठीक कर रहा था।

मोटर मैकेनिक को ऐसे मिली मौत

इस हादसे में जान गंवाने वाले मोटर मैकेनिक की पहचान संजीव कुमार (45 वर्ष) पुत्र लेख राम निवासी गांव बलोह डाकघर बाड़ी मझेड़वा तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। संजीव कुमार बरठीं क्षेत्र में संतोषी माता मंदिर के समीप एक मोटर गैरेज चलाते थे और मिस्त्री के तौर पर स्थानीय निर्माण कार्यों में भी सहयोग करते थे।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: "ऑपरेशन सिंदूर" के नायक सूबेदार सतीश 'वीर चक्र' से सम्मानित, वीरभूमि का बढ़ाया मान

 

बताया जा रहा है कि बीते दिन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भल्लू से बलघाड़ सड़क मार्ग पर डंगा निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान संगास्वीं-2 के पास निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही मिक्सचर मशीन तकनीकी खराबी के चलते अचानक बंद हो गई। निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे मुंशी गौतम शर्मा ने तुरंत संजीव कुमार को मौके पर बुलाया, ताकि वह मशीन की मरम्मत कर सके।

पैर फिसलने से जमीन पर गिरा संजीव

संजीव ने बिना देर किए मशीन की जांच.पड़ताल शुरू कर दी। इसी बीच एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई। बताया जा रहा है कि मरम्मत के दौरान संजीव का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया, जिससे वह मशीन के करीब ही जमीन पर जोर से गिर पड़ा। गिरते ही संजीव की हालत गंभीर हो गई और वह अचेत हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवान को J&K में मिली शहादत, आज शाम तिरंगे में लिपटी देह पहुंचेगी घर

 

मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बरठीं स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है।

क्या बोले डीएसपी बिलासपुर

डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संजीव कुमार के शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल घुमारवीं में करवाया गया हैए जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। थाना तलाई में इस दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस जिला में बाढ़ जैसे हालात: घरों-खेतों में घुसा पानी, आशियाने छोडने को मजबूर हुए लोग

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

संजीव कुमार की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संजीव को क्षेत्र में एक मेहनती और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। उनके निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गांव शोकाकुल है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि संजीव कुमार के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए ताकि वे इस दुखद समय में कुछ राहत पा सकें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख