#हादसा
May 22, 2025
हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर: पुल की रेलिंग से टकराई कार, अंदर ही फंस गया चालक
बिलासपुर के भराड़ी में हुआ हादसा
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोगों की मौत हो रही है तो कई लोग गंभीर हालत में अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के बिलासपुर जिला के भराड़ी में भी हुआ है। यह हादसा तेज रफ्तार के चलते हुआ माना जा रहा है। हादसे में एक कार पुल की ग्रिलिंग से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा आज गुरुवार सुबह कीरतपुर नेरचौक फोरलेन पर उस समय हुआ जब एक कार चालक तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी बीच उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित कार भगेड़ के पास ही राईया पुल के पास लगी ग्रिल से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार शख्स बुरी तरह से घायल हो गया। कार चालक की जान तो बच गई, लेकिन वह बुरी तरह से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिस कमरे में सोई थी छोटी बहन- वहीं स्कूल ड्रेस के दुपट्टे से झू*ल गई 10वीं की छात्रा
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल को कार से बाहर निकाल कर उसे एंबुलेंस के माध्यम से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स बिलासपुर पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। यह हादसा कैसे हुआ, इसके अभी तक स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन कहीं ना कहीं यह हादसा तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही से हुआ माना जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायल शख्स के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण तो नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में हो रहे सबसे अधिक हादसों का कारण वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी गई है।