#हादसा
May 29, 2025
हिमाचल: तेज रफ्तार में था चालक, मोड़ पर खोया नियंत्रण; कई पलटे खाकर खाई में गिरी कार
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होने से हुआ हादसा
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोगों की जानें जा रही हैं तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के सोलन जिला से सामने आया है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में अकेला चालक ही सवार था। जो इस हादसे में घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार को उस समय हुआ जब कार चालक तेज रफ्तार में सपरून के घुमावदार मोड़ से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार कई पलटे खाते हुए खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे छिपाई थी अवैध शराब की खेप, 380 पेटियां बरामद
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अत्यधिक रफ्तार में थी और मोड़ पर अचानक फिसलकर खाई में जा गिरी। गिरने से पहले कार ने कई पलटे खाए, जिससे उसमें सवार चालक को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की तेज आवाज सुनते ही आस.पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
स्थानीय निवासियों की त्वरित सहायता से घायल चालक को खाई से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। हादसे में कार को भारी क्षति पहुंची है, हालांकि सौभाग्यवश कोई जनहानि नहीं हुई। यह हादसा कार चालक के घर के पास ही हुआ है। पुलिस की टीम भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ड्राइवर द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। मामले से संबंधित कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया में है।