#हादसा
January 31, 2025
हिमाचल: पंजाब की स्कॉर्पियो ने 5 गाड़ियों को रौंदा, नशे में थे सभी सवार; लोगों ने दो को पकड़ा
स्थानीय लोगों ने दो को पकड़ा, दो हुए फरार
शेयर करें:

मनाली। हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश पर्यटक पड़ोसी राज्य पंजाब भी होते हैं। लेकिन पंजाब के यह पर्यटक हिमाचल में कभी शराब के नशे में हुड़दंग मचाते हैं तो कभी गुंडागर्दी करते हैं। अब पंजाब के पर्यटकों द्वारा शराब के नशे में धुत्त होकर अपने वाहन से कई गाड़ियांे को टक्कर मारने की खबर सामने आई है।
मामला हिमाचल की पर्यटन नगरी मनाली से सामने आया है। यहां के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला में आज शुक्रवार शाम को पंजाब नंबर की एक स्कॉर्पिओ गाड़ी (HR26 FF 3802) ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद यह स्कॉर्पिओ गाड़ी आगे एक पेड़ से जा टकराई। इस गाड़ी ने कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ा दिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बारात में गए युवक को टिप्पर ने रौंदा, पीछे छोड़ गया दो छोटी बेटियां
यह हादसा आज शाम करीब चार बजे के आसपास सोलंगनाला ग्राउंड से डेढ़ किलोमीटर मनाली की तरफ हुआ है। बताया जा रहा है कि इस स्कॉर्पिओ गाड़ी में चालक सहित चार युवक सवार थे, जो नशे में बुरी तरह से चूर थे। जैसे ही यह सोलंगनाला ग्राउंड कुछ पहले पहुंचे तो इस तेज रफ्तार स्कॉर्पिओ ने सड़क किनारे खड़ी गई गाड़ियों को टक्कर मार दी।
स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी एक ब्रेज़ा, एक अर्टिका, एक डिजायर और दो स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो एक देवदार के पेड़ से जा टकराई। स्थानीय लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बारात में गए युवक को टिप्पर ने रौंदा, पीछे छोड़ गया दो छोटी बेटियां
वहीं मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि स्कॉर्पियो में सवार युवकों को मामूली चोटें आई हैं। सभी क्षतिग्रस्त वाहनों का पुलिस ने पंचनामा किया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।