ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से दुखद खबर सामने आई है। जनपद के नंगड़ा में एक स्कूटी सड़क हादसे का शिकार हो गई है। इस हादसे में 74 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। हादसे के वक्त स्कूटी महिला का पोता चला रहा था।
मंदिर जा रहे थे दादी-पोता
बताया जा रहा है कि दोनों दादी-पोता घर से मंदिर जाने के लिए निकले थे। मगर मंदिर से कुछ दूर पहले ही रास्ते में उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार में होंगी ताजपोशियां, ओहदे के लिए CM से नजदीकियां बढ़ा रहे नेता
स्कूटी पर निकले थे घर से
जानकारी के अनुसार, 74 वर्षीय कमला देवी बीते 2 दिसंबर को अपने पोते के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर से गांव में ही स्थित मंदिर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान मंदिर से थोड़ी ही दूर उनकी स्कूटी के आगे अचानक बिल्ली आ गई।
स्कूटी के आगे आई बिल्ली
बताया जा रहा है कि बिल्ली को बचाने के चक्कर में पोते से स्कूटी अनियंत्रित हो गई और दोनों दादी-पोता स्कूटी से गिर गए। हादसे में कमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि, पोते को मामूली चोटें आईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 10वीं पास के लिए नौकरी, 20 हजार मिलेगी सैलरी- जानें पूरी डिटेल
PGI में महिला ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से कमला देवी को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद कमला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल में दो दिन तक कमला देवी का इलाज चला, लेकिन बीते कल रात कमला देवी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।